द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करते हुए एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के साथ-साथ मामले को दबाने की कोशिश करने वाले दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सिमडेगा एसपी एम अर्शी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कुरडेग थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी बच्ची, जो चौथी कक्षा में पढ़ती है, उसी स्कूल के सरकारी शिक्षक सेल्सटीन किंडो ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद शिक्षक फरार हो गया था और पंचायत के लोग इस मामले को जबरन दबाना चाहते थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुरडेग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए फरार शिक्षक सेल्सटीन किंडो को खोज निकाला। इसके अलावा, पुलिस ने पंचायत कर मामले को दबाने की कोशिश करने वाले पंचायत के प्रभावशाली व्यक्ति निर्दोष मिंज और फेलेक्स खेस को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
