रांची
टेंडर हार्ट स्कूल ने CBSE ईस्ट ज़ोन योगा चैंपियनशिप 2026-27 में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित द सिल्वर बेल्स स्कूल में 16 से 21 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के 50 से अधिक विद्यालयों के बीच टेंडर हार्ट स्कूल ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अद्भुत समन्वय, संतुलन और योग कौशल का प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण पदक और 2 रजत पदक अपने नाम किए तथा पूरे टूर्नामेंट में ओवरऑल प्रथम रनर-अप बनने का गौरव हासिल किया। यह उपलब्धि विद्यालय के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई।

प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ 5 स्वर्ण पदक जीते
अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ने ट्रेडिशनल ग्रुप इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ 5 स्वर्ण पदक जीते। विजेता टीम में अर्पित (कक्षा V), शौर्य मिश्रा (कक्षा VI), अमनदीप (कक्षा VI), दिव्यांश (कक्षा VI) एवं अभिमन्यु (कक्षा VII) शामिल रहे। इसी वर्ग में अमनदीप ने आर्टिस्टिक सोलो बॉयज़ स्पर्धा में चौथा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग की टीम ने भी ट्रेडिशनल ग्रुप इवेंट में बेहतरीन तालमेल और लयबद्ध प्रस्तुति के साथ 5 स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस विजेता टीम में आकांक्षा (कक्षा VIII), शानवी (कक्षा VIII), रोशनी (कक्षा X), अंशिका (कक्षा X) एवं स्वाति (कक्षा X) शामिल थीं। इसके अलावा आकांक्षा और शानवी की जोड़ी ने रिदमिक पेयर इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

विद्यार्थियों की कठिन मेहनत
टेंडर हार्ट स्कूल के चेयरमैन सुधीर तिवारी ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, प्रशिक्षकों के अथक मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम बताते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि टेंडर हार्ट स्कूल केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर टेंडर हार्ट स्कूल की प्राचार्या उषा किरण झा, निदेशक जे. मोहंती, उप-प्राचार्या शिवांगी शुक्ला सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।