चक्रधरपुर:
चक्रधरपुर में गिरिराज सेना प्रमुख कमल देवगिरि (Kamal Giri Dev) की दिनदहाड़े हत्या के बाद से ही इलाके का महौल तनावपूर्ण है। इसे लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।पुलिस प्रशासन की ओर से चक्रधरपुर शहर में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर स्थिति का जायजा लिया है। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शहर में शांति बनाने रखने की अपील की है। प्रशासन की टीम ने पवन चौक से फ्लैग मार्च निकलकर असलम चौक, वार्ड नंबर10, दंदासाई, भारत भवन चौक, रेलवे क्षेत्र के इतवारी बाजार, रनिंग रूम, मेन रोड, शहीद भगत सिंह चौक, पुरानी रांची रोड, बाटा रोड समेत 17 विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।

अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दुकानें बंद
सोमवार को भी कमल देवगिरी की हत्या करने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने दुकानें को बंद रखा है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं रविवार को उनकी शव यात्रा के दौरान दो गुटों में बहस हो गयी। दो घंटे तक दोनों ओर से नारेबाजी और पत्थरबाजी होती रही। इस दौरान छह दुकानों, एक पुलिस वाहन और मजिस्ट्रेट की गाड़ी में तोड़फोड़ की गयी। पथराव में कई युवक घायल हो गये। पुलिस काफी देर तक मूकदर्शक बनी रही। कुछ देर बाद आदेश मिलने पर पुलिस व रैफ के जवानों ने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया।

शनिवार को बोतल बम मारकर की गयी हत्या
शनिवार को हिंदू संगठन गिरिराज सेना के प्रमुख कमल गिरि देव (Kamal Giri Dev) की हत्या कर दी गई। चक्रधरपुर स्थित शिशु विद्या मंदिर तुलसी भवन के पास शाम करीब 6 बजे हत्या की गई । हमलावरों ने बोतल बम मारकर गिरी की हत्या कर दी। जिसके बाद से ही इलाके में तनाव का महौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है । इसके साथ वहां धारा 144 लागू कर दिया है। घटना के वक्त गिरिराज सेना प्रमुख अपने दोस्त शंकर के साथ भवन चौक पर खड़े थे। वहां तीन लोग उनके पास आए और बोतल बम से उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद से तीनों फरार हैं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू किया साथ ही सीआरपीएफ के जवानों को भी बुलाया गया।