logo

10 दिन से लापता बुजुर्ग का पहाड़ी पर मिला क्षत-विक्षत शव, जंगली जानवर के हमले में हुई मौत! 

body2.jpg

बोकारो/कसमार: 

बोकारो में 10 दिन से लापता बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव पहाड़ी के समीप मिला है। घटना कसमार थानाक्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत ललमटिया गांव की है, जहां 75 वर्षीय भीखू महतो बीते 10 दिन से लापता थे। गुरुवार को दुर्गा पहाड़ी के समपी कारुजारा के पास भीखू  का शव मिला है। भीखू, 11 अगस्त से ही लापता थे। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने जंगली जानवर के हमले में मौत की आशंका जताई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और छानबीन के बाद ही होगी। इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है। 

11 अगस्त की सुबह घर से निकले थे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार, भीखू महतो 11 अगस्त की सुबह अपनी पत्नी से कुछ देर में वापस लौटने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के गांवों के अलावा रिश्तेदारों के यहां भी उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने दुर्गा पहाड़ी के समीप कारुजारा क्षेत्र में एक क्षत-विक्षत शव देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने शव की पहचान भीखू महतो के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर कसमार थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सभी पहलुओं पर छानबीन में जुटी पुलिस 
दुर्गा पहाड़ी क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है। शव की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि भीखू महतो किसी हिंसक जंगली जानवर के हमले का शिकार हुए होंगे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम एवं जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतक की 5 पुत्रियां हैं। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

इधर, दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो, उपमुखिया पंचानन महतो, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार महतो सहित ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है

Tags - Bokaro NewsJharkhand PoliceMissing Old Man found DeadJharkhand Update