द फॉलोअप डेस्क, रांची:
युवा सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत के सुसाइड केस की जांच सीबीआई करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इउसकी जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि निशा भगत प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दे दिया गया है। इसका आशय है कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने निशा भगत सुसाइड केस की सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी है। गौरतलब है कि इस प्रकरण में विभिन्न आदिवासी संगठनों और मुख्य विपक्षी दल भाजपा की ओर से सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी। आज रांची में भारतीय जनता पार्टी ने निशा कुमारी भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मशाल जुलूस निकाला था, जबकि आदिवासी संगठनों ने छोटानागपुर बंद का आह्वान किया था।
निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 10, 2026
6 नवंबर को निशा भगत ने किया था सुसाइड
युवा सामाजिक कार्यकर्ता और जेएलकेएम के टिकट पर गुमला से चुनाव लड़ चुकीं निशा कुमारी भगत ने बीते 6 नवंबर को फेसबुक लाइव पर सुसाइड कर लिया था। फांसी लगाने से पहले उन्होंने लाइव वीडियो में राजनीतिक विरोधियों पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और पुलिस प्रशासन पर उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया था। निशा भगत ने आरोप लगाया था कि जमीन माफिया द्वारा उन्हें धमकी दी जाती है। उन्होंने सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। लाइव वीडियो के दौरान निशा कुमारी भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया था और सुसाइड की चेतावनी दी थी। इसका कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

7 नवंबर को पिठोरिया थाने में शिकायत दर्ज
7 नवंबर को निशा कुमारी के पिता ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर निशा भगत सुसाइड केस की जांच की मांग की थी। उन्होंने आवेदन में आदिवासी नेता अजय तिर्की और युवा सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया था। बुधवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने जानकारी दी थी कि डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी मामले की जांच में जुटी है। फॉरेंसिक समेत अन्य साक्ष्यों की समीक्षा की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। खून समेत अन्य नमूने FSL जांच के लिए भेजे गए हैं।
मामले में जिनकी भी संलिप्तता पाई जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। हालांकि, अब झारखंड सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी है।