नंदलाल तुरी
पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद की अध्यक्षता में शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में बीते अगस्त माह के लंबित एवं निष्पादित मामलों की बारीकी से समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने करमा पर्व एवं ईद मिलादुन्नबी को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले थाना प्रभारियों की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
वहीं, आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। एसडीपीओ ने कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। एसडीपीओ ने थाना स्तर पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि गश्ती को तेज करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की भी हिदायत दी।
.jpeg)