द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के समाहरणालय मैदान में नीति आयोग के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आकांक्षा हाट का शुभारंभ किया गया, जो 2 अगस्त से 6 अगस्त तक चलेगा। जिले के उपायुक्त डॉक्टर कुमार ताराचंद और अधिकारियों ने इस हाट का उद्घाटन किया।
इस हाट का उद्देश्य जिले के किसानों और हस्तशिल्प उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। हाट में जिले के स्थानीय किसान ऑर्गेनिक वस्त्र, हल्दी, मधुरस, पापड़, सरसों का तेल, आटा, चावल, मसाला, मिक्सर सहित अन्य उत्पाद पेश कर रहे हैं। इसके अलावा, स्थानीय खानपान के व्यंजन भी उपलब्ध हैं।
आकांक्षा हाट एक स्वदेशी बाजार के रूप में कार्य करेगा, जिसमें जिले के उत्पादक और उपभोक्ता शामिल होंगे। यह किसानों और उत्पादकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आकांक्षा हाट के माध्यम से जिले के स्थानीय उत्पादकों को बेहतर बाजार मिलेगा और वे अपने उत्पादों को जिला प्रशासन की मदद से अच्छे भाव में बेच सकेंगे।
