हजारीबागः
हाथियों के झुंड आये दिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नुकसान पहुंचाता रहता है। ताजा मामला आया है चलकुशा प्रखंड के बेडमककी से। यहां एक दंपत्ति को हाथियों के झुंड ने कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों को प्रशासन ने 50-50 हजार रुपए मुआवजा दिया है। मृतकों की पहचान भीखलाल पंडित और उसकी पत्नी शांति देवी के रुप में हुई है।
महुआ चुनने गये थे
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह 4:30 बजे पति पत्नी महुआ चुनने के लिए घर के बगल में गए थे। उसी दौरान हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। दोनों को हाथी ने कुचल दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। आक्रोशित लोग मुआवजे की मांग करने लगे। साथ ही हाथियों के झुंड को क्षेत्र से बाहर करने की मांग कर रहे थे।
वन विभाग का उदासीन रवैया
बता दें कि हाथियों के झुंड ने कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र के दिगवार में एक व्यक्ति को भी घायल किया था। 15 घरों को भी तोड़ फोड़ दिया था। इसके बावजूद वन विभाग ने हाथियों को भगाने का प्रयास नहीं किया। लोग काफी दहशत में हैं।