खूंटी:
खूंटी के तमाड़ जमुख्य पथ पर उलीडीह स्कूल के पास दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई (Husband wife death in road accident Khunti )। दंपती की पहचान आनंद मसीह पूर्ति और सोदानी सोय के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दंपत्ति सायको थानाक्षेत्र के उदुबुरु गांव का निवासी था। किसी काम से उदुबुरु से खूंटी जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लोहे से लदे ट्रेलर से लुढ़का लोहा
हादसा उलीडीह स्कूल के पास हुई। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार खूंटी की तरफ से तेज रफ्तार ट्रेलर आगे की ओर जाने लगा, जिसमें लोहे का सामान लदा हुआ था। इसी दौरान वाहन से लोहा लुढ़क गया, जिसकी चपेट में दंपत्ति आ गया। हादसे में घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। इस दौरान ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जाकर फंस गया। इधर सूचना पर पहुंची खूंटी पुलिस ने शवों को बरामद कर सदर अस्पताल भेज दिया है।

ट्रेलर चालक गिरफ्तार
सदर अस्पताल में शनिवार यानि आज शवों का पोस्टमार्टम होगा। खूंटी पुलिस के सब इंस्पेक्टर भजन लाल महतो ने बताया कि यूपी निवासी चालक ब्रज भूषण सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शाम हो जाने के कारण ट्रेलर को जब्त नहीं किया जा सका है। शनिवार सुबह ट्रेलर जब्त कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई शुरू होगी।