द फॉलोअप डेस्क
बरवाडीह से कबरीबाद होते हुए बनियाडीह और मुफ्फसिल मोड़ तक जाने वाली मुख्य सड़क एक बार फिर खतरनाक हो गई है। बुधवार की दोपहर कबरीबाद माइंस के समीप सड़क के बीचोंबीच अचानक भू धंसान हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीसीएल परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा मौके पर पहुंचे और तत्काल ओवरबर्डन (ओबी) की भराई का कार्य शुरू कराया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सड़क किनारे चल रहे अवैध कोयला खनन का नतीजा है, जिससे अक्सर इस क्षेत्र में भू धंसान और दरारें आती रहती हैं।
परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है और अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। हाल के दिनों में ऐसे खनन कार्यों में लिप्त 20 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल कोयला ढुलाई में किया जा रहा था।
गौरतलब है कि यह वही सड़क है जिसका निर्माण कुछ माह पूर्व ही करोड़ों रुपये की लागत से पथ निर्माण विभाग द्वारा कराया गया था। लेकिन निर्माण के तुरंत बाद ही भू धंसान जैसी घटनाएं सड़क की गुणवत्ता और आसपास के इलाके में हो रहे अवैध खनन पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन इस मार्ग पर अविलंब सुरक्षा उपाय करे और अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाए, ताकि भविष्य में जानमाल की क्षति न हो।
