द फॉलोअप डेस्क
साल 2019 में एसएस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और निर्देशित खोरठा फिल्म "पिक्चर अभी बाकी है" के निर्माता आनंद कुमार लाल, निर्देशक प्रकाश अलबेला एवं लेखक कुमार सनोज सहित फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्यों चौरंगी नॉर्थ (कोलकाता) को झारखंड हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। दरअसल कुछ आपातिजनक दृश्यों पर रोक लगाने के लिए उच्च न्यायालय अधिवक्ता अवनीश रंजन मिश्र द्वारा दायर जनहित याचिका संख्या 3133/2019 पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। वहीं, झारखंड सरकार की ओर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव तकनीकी और सूचना विभाग झारखंड सरकार की ओर से से राज्य के अधिवक्ता ने नोटिस प्राप्त कर विषय पर जवाब देने के लिए समय मांगा है। मामले की अगली तारीख 17 अप्रैल मुकर्रर की गई है। मालूम हो कि निर्देशक प्रकाश अलबेला बीते दिनों अपनी अभिनेत्री पत्नी रिया कुमारी उर्फ ईशा आलिया की हत्या के आरोप में जेल में बंद है।

हिंदू देवी-देवताओं को फूहड़ तरीके से किया था प्रर्दशित
क्षेत्रीय भाषा की फिल्म "पिक्चर अभी बाकी है" में हिंदू देवी-देवताओं विशेष कर भगवान राम, देवी सीता और हनुमान जी को बहुत भद्दे और फूहड़ तरीके से प्रर्दशित किया गया था। साथ ही आपत्तिजनक दृश्य और संवाद डाले गए थे। तत्समय भी प्रार्थी अवनीश रंजन मिश्र ने संबंधित व्यक्तियों से आपत्तिजनक दृश्य और संवाद हटाने को कहा था। मगर उन्होंने हास्य का विषय कहकर फिल्म प्रदर्शित कर दिए जाने पर प्रार्थी ने जनहित याचिका दायर की थी। इस संबंध में प्रार्थी अधिवक्ता का कहना है कि धर्म कभी हास्य का विषय नहीं हो सकता।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT