द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand Weather Forecase: झारखंड में 19 नवंबर से अगले 3 दिन भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार से शनिवार तक झारखंड में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है। बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी में बना अति गहरा अवदाब तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है। यह आगे चक्रवातीय तूफान में तब्दील हो सकता है, जिसकी वजह से बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 नवंबर को यह गंभीर चक्रवातीय तूफान बनकर तट को पार करेगा।
इसके कारण चक्रवाती तूफान के केंद्र से बाहरी आवरण का प्रभाव पूरे झारखंड में पड़ने की संभावना है। यह चक्रवाती तूफान झारखंड के दक्षिणी हिस्से को प्रभावित करेगा।

अगले 4 दिन अधिकतम पारा नहीं गिरेगा
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 4 दिन तक अधिकतम तापमान में बहुत बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद इसमें न्यूनतम 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। न्यूनतम तापमान अगले 3 दिनों के भीतर 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। शुक्रवार को इसमें दोबारा 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।

सरायकेला में 33.5 डिग्री अधिकतम तापमान
रांची में बीते सोमवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री ऊपर है। झारखंड में सर्वाधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।