logo

कांग्रेस की सरकार बनी तो 'लोकभवन' के द्वार पर उर्दू को मिलेगी जगह: बंधु तिर्की

कांग्रेस की सरकार बनी तो 'लोकभवन' के द्वार पर उर्दू को मिलेगी जगह: बंधु तिर्की

द फॉलोअप डेस्क, रांची:  

उर्दू दिवस पर बंधु तिर्की(Bandhu Tirkey) ने कहा कि पहले लोकभवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर उर्दू में भी नाम लिखा जाता था, लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद इसे हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर लोकभवन के प्रवेश द्वार पर उर्दू को फिर से जगह दी जाएगी। उर्दू दिवस पर रांची(Ranchi) के कडरू स्थित हज हाउस में आयोजित ‘जश्न-ए-उर्दू’ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की(Bandhu Tirkey)शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने उर्दू भाषा के संरक्षण और सरकारी कामकाज में इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उर्दू देश की मीठी जुबान है और इसे किसी धर्म या समुदाय से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

 

सरकारी कार्यालयों में उर्दू में हो पत्राचार

पूर्व मंत्री ने कहा कि राज्य में उर्दू भाषा को संरक्षित करने की जरूरत है। सरकारी कार्यालयों में उर्दू के माध्यम से भी पत्राचार की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उर्दू भाषी लोगों को अपनी भाषा में सरकारी कामकाज करने में परेशानी न हो।

उर्दू में आवेदन लेने की हो व्यवस्था

बंधु तिर्की ने कहा कि जो लोग उर्दू भाषा में आवेदन देना चाहते हैं उनके आवेदन उर्दू में स्वीकार किए जाने चाहिए। इसके लिए सरकारी कार्यालयों में जरूरत पड़ने पर अनुवादकों की नियुक्ति भी की जानी चाहिए ताकि भाषा के कारण किसी को परेशानी न उठानी पड़े। बंधु तिर्की ने कहा कि उन्हें उर्दू भाषा बेहद पसंद है और इससे उन्हें काफी प्यार है। उर्दू देश की खूबसूरत और मीठी जुबान है। इसका संरक्षण और सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाषा के नाम पर किसी को बांटना नहीं चाहिए। सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए और हर व्यक्ति को अपनी मातृभाषा में अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए।

Tags - Urdu Day Bandhu Tirkey Jashn-E-Urdu Urdu Language