logo

रांची : पंडाल के आसपास ठेला-खोमचा लगाने वालों को देना होगा प्रतिदिन सफाई चार्ज, इतनी राशि वसूलेगा निगम

ranchi.jpg

रांची :

राजधानी में दुर्गोत्सव की हर तरफ धूम है। कोरोना के कारण लगातार दो साल फिकी तरीके से त्योहार मनाई गई थी। मगर इस साल श्रद्धालुओं के बीच जबरदस्त उत्साह है। पूजा पंडालों के आसपास लगातार दो साल खाने-पीने के ठेले-खोमचे और अन्य अस्थायी दुकानें लगाने की इजाजत नहीं दी गई थी। मगर इस बार पूजा पंडालों के आसपास अस्थायी दुकानें भी लग गई हैं। लोगों की भीड़ इन दुकानों में नजर आने लगी है। यहां ठेला से लेकर अस्थायी दुकान लगाने वाले दुकानदारों को 10 रुपए से लेकर 200 रुपए तक सफाई शुल्क देना होगा। इसको लेकर रांची नगर निगम ने सूचना जारी कर दी है। इसके तहत रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी दुर्गा पूजा पंडालों के आस-पास लगे ठेले-खोमचे से प्रतिदिन 10 रुपए सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज वसूला जाएगा। वहीं, अस्थाई स्टॉल्स (पूजा पंडाल परिसर के बाहर) से 100 रुपए और पूजा पंडाल के अंदर अधिष्ठापित अस्थायी स्टॉल्स से 200 रुपए यूजर चार्ज के रूप में वसूला जाएगा। यह चार्ज अगले पांच दिनों तक वसूला जाएगा। यह राशि निगम की ओर से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज अधिग्रहण के लिए कार्यरत एजेंसी एमएस नेटविंड सॉफ्ट लैब प्राइवेट लिमिटेड वसूलेगी। मालूम हो कि इस एजेंसी को रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों में कचरा यूजर चार्ज संग्रहण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दिन व रात में भी हो रही विशेष सफाई
निगम क्षेत्र के सभी पंडाल स्वच्छ और सुंदर नजर आ इसको लेकर निगम की टीम द्वारा दिन और रात्रिकालीन के समय भी सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। नगर आयुक्त ने पंडालों के समितियों को निर्देश दिया गया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पंडाल एवं आसपास सफाई बरतें। किसी भी तरह की समस्या या आवश्यकता पर निगम के कंट्रोल रूम ( दूरभाष संख्या 0651-2200025 या 9431104429 ) में अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। त्वरित कारवाई के लिए निगम की स्पेशल टास्क फोर्स तैयार की गई है जो 24 घंटे मुस्तैदी के साथ सभी पूजा पंडालों में सफाई व्यवस्था इत्यादि सुनिश्चित कर रही है।  

 

ब्लैक स्पॉट में विशेष प्रकाश की व्यवस्था
राजधानी के वैसे विभिन्न क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट जहां अंधेरा रहता है, वहां पर विशेष प्रकाश की व्यवस्था निगम द्वारा की जा रही है। शहर के सभी प्रमुख स्ट्रीट लाइट्स को व्यवस्थित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि जिस मुस्तैदी के साथ निगम ने पिछले साल काम किया था उसी तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर विसर्जन की जाएगी। ताकि, वाटर बॉडीज को लेकर उच्च न्यायालय का जो दिशा-निर्देश है उसका अनुपालन हो सके और परंपरागत तरीके से विसर्जन हो सके।