logo

‘‘बाल मित्र निर्वाचन क्षेत्र’’ कार्यशाला में बोले स्पीकर, निर्वाचन क्षेत्रों को बच्चों के अनुकूल बनाना जरूरी

1259.jpg

द फॉलोअप डेस्क
निर्वाचन क्षेत्रों को बच्चों के अनुकूल बनाने की आवश्यकता है और यह पहल उस दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है। बच्चों का स्वस्थ विकास न केवल उनके जीवन में आगे बढ़ने और फलने-फूलने के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज के समग्र कल्याण के लिए भी यह महत्वपूर्ण है। यह बातें झारखंड विधानसंभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने किया। यूनिसेफ झारखंड व विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय के सहयोग से झारखंड विधानसभा में ‘‘बाल मित्र गांवों एवं निर्वाचन क्षेत्रों’’ के निर्माण को लेकर आयोजित कार्यशाला में कही। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कानून, नीतियां और सेवाएं बच्चों के अनुकूल हों और बच्चे के सर्वोत्तम हित को प्रतिबिंबित करता हो। हमें बच्चों और युवाओं को उन्हें प्रभावित करने वाले मुद्दों परअपने विचार व्यक्त करने तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। मालूम हो कि सम्मेलन का उद्देश्य बाल मित्र निर्वाचन क्षेत्रों के निर्माण को लेकर विधायकों के साथ चर्चा के माध्यम से एक रोडमैप का निर्माण करना था, ताकि झारखंड में बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करके बाल मित्र समाज की स्थापना की जा सके तथा जाति, मजहब, लिंग, विकलांगता आदिके आधार पर बिना किसी भेदभाव के उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही बच्चों के विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं जैसे कि - स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं बेहतर वातावरण के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समय पर हो समाधान
संसदीय कार्य और पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि ग्राम सभा और बाल सभा एक बाल-सुलभ निर्वाचन क्षेत्र की कल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिसके माध्यम से बच्चे अपनी आवश्यकताओं की पहचान कर सकते हैं और उसे अभिव्यक्त कर सकते हैं। ग्राम सभा को यह सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से काम करने की जरूरत है, ताकि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समय पर समाधान किया जा सके। वहीं, महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा मांझी ने कहा बच्चों के विकास से ही राज्य और देश का भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम राज्य के बच्चों को सहभागिता का एक उपयुक्त मंच प्रदान करें, ताकि इस मंच के माध्यम से बच्चे अपनी समस्याओं की पहचान करने के साथ-साथ उन पर चर्चा कर सकें।

बच्चों के अनुकूल समाज का निर्माण
यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख, डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा बच्चों के अनुकूल समाज का निर्माण प्रत्येक युवा नागरिक को अपने निर्वाचन क्षेत्र के बारे में निर्णयों को प्रभावित करने का अधिकार और गारंटी देता है। बाल मित्र समाज के निर्माण में विधायकों की भूमिका पर बल देते हुए डा. मित्र ने कहा कि अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बच्चों की भागीदारी को सुनिश्चित करके तथा बाल अधिकारों की रणनीति को विकसित एवं कार्यान्वित करके विधायकगण बाल-मित्र निर्वाचन क्षेत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT