logo

अरका जैन यूनिवर्सिटी में टेक्निका 6.0 का आगाज, 150 संस्थानों के 5 हजार विद्यार्थी हुए शामिल

अरका जैन यूनिवर्सिटी में टेक्निका 6.0 का आगाज, 150 संस्थानों के 5 हजार विद्यार्थी हुए शामिल

जमशेदपुर:

तकनीक, नवाचार और रचनात्मकता के संगम के रूप में अरका जैन यूनिवर्सिटी के वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका 6.0’ का शुक्रवार को आगाज हुआ। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 2 दिवसीय महोत्सव में देशभर के 150 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 5 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘अविन्या : अचीविंग हार्मनी थ्रू इनोवेशन’ रखी गयी है।

नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में विश्वविद्यालय ने एक नई पहल की। इस दौरान ‘डॉ. रॉयचंद चेनराज सेंटर ऑफ इनोवेशन, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने, स्टार्टअप विकसित करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग को विस्तार देने के लिए विश्वविद्यालय ने कोलकाता के बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।

उद्घाटन समारोह में दिग्गज हस्तियां हुईं शामिल
उद्घाटन समारोह में टाटा मोटर्स के डीजीएम (स्किल डेवलपमेंट) प्रशांत मेहता, इंडो डेनिश टूल रूम के जनरल मैनेजर रविंद्र कुमार और टाटा मोटर्स की डीजीएम (एचआर) निलंजना मोहंती सहित उद्योग एवं शिक्षा जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। इनके अलावा अल-कबीर पॉलिटेक्निक के प्राचार्य वारिस एस. इमाम, भालोटिया ऑटो प्रोडक्ट्स लिमिटेड के सीईओ डॉ. हिमांशु शेखर मिश्रा, ऑटोमोटिव एक्सल्स के नवीन शर्मा, चांडिल पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. नीरज प्रियदर्शी और बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट की वाइस प्रिंसिपल डॉ. नंदिता सान्याल मौजूद रही।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरपर्सन डॉ. एसएस रजी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित श्रीवास्तव, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय और महोत्सव के संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को मिला मंच
टेक्निका 6.0 में विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न मंच मिल रहे हैं। इसमें अल-कबीर पॉलिटेक्निक, इंडो डेनिश टूल रूम, टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट, डीएवी पब्लिक स्कूल, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, बीआईटी मेसरा और मौलाना अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी समेत देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

महोत्सव में उद्योग जगत की भी दिखी भागीदारी
महोत्सव में उद्योग जगत की भागीदारी भी देखने को मिल रही है। आरएसबी ट्रांसमिशन, रामकृष्ण फोर्जिंग्स, लार्सन एंड टुब्रो, जेडएफ, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज और जोस्ट इंडिया जैसी कंपनियां इससे जुड़ी हैं। वहीं सेंको गोल्ड, तनिष्क, टोयोटा, रॉयल एनफील्ड, आईबीएम, एचडीएफसी, मर्सिडीज-बेंज और सुधा डेयरी सहित कई ब्रांड्स ने आयोजन को सहयोग दिया है।

शनिवार को होगा महोत्सव का समापन
महोत्सव का समापन शनिवार को होगा। समापन समारोह के तहत शाम 6:30 बजे बॉलीवुड गायिका अकासा की लाइव प्रस्तुति होगी। उनकी परफॉर्मेंस के साथ परिसर में आयोजित स्टार नाइट इस तकनीकी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। महोत्सव के संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘अविन्या’ तकनीक, रचनात्मकता, स्थिरता और मानवीय मूल्यों के बीच सामंजस्य स्थापित करने का संदेश देती है। टेक्निका विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचार साझा करने और उद्योग जगत के विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।

Tags - Jharkhand NewsArka Jain UniversityEducation NewsTechnica 6.0