रांची:
नए साल की शुरुआत होने में अब बस चंद घंटे बाकी हैं। नए साल के स्वागत के लिए लोग तैयारियों में जुट गए हैं। झारखंड में नए साल के आगाज के साथ-साथ मौसम भी अपना मिजाज बदल रहा है। पछुआ हवा ने राज्य में कनकनी बढ़ा दी है। मौसम केंद्र के अनुसार,नए साल के शुरुआती सप्ताह में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। केंद्र के पूर्वानुमान में कहा गया है कि 4 और 5 जनवरी को राज्य के मध्य और दक्षिणी भागों में हल्की और मध्यम बारिश होगी। वहीं बादल 1 जनवरी से ही छाए रहेंगे। सुबह में धुंध हो सकती है।

जानें कहां कितना तापमान
पलामू प्रखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां के न्यूनतम तापमान की बात करें तो पिछले तीन-चार दिनों में 10 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़क गया है। यहां के लोग ठंड से काफी परेशान है। लोग अस्त-वस्त है। वहीं राजधानी का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। जमशेदपुर के तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। इसी तरह डालटेनगंज के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयीछ रांची, जमशेदपुर और डालटेनगंज का अधिकतम तापमान इसी क्रम के आधार पर : 25.4 डिग्री सेल्सियस, 27.9 डिग्री और 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान के मामले में रांची में सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है, जबकि जमशेदपुर और डालटेनगंज में क्रमश: 0.1 डिग्री और 0.7 डिग्री कम है।

इस मौसम में तबीयत खराब होने की ज्यादा संभावना
इस मौसम के संबंध में मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में भारी बर्फबारी की वजह से झारखंड में भी मौसम बदल रहा है। आने वाले दिनों में यानि नये साल में तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना जतायी गयी है। राज्य़ के कई इलाकों में सुबह धुंध छायी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ- साथ धुंध कम होगी। इस मौसम में तबीयत खराब होने की ज्यादा संभावना होती है। सर्दी जुकाम औऱ खांसी आपको परेशान ना करे इसलिए जरूरी है कि आप अपनी सेहत का ध्यान रखें।