रांची:
झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र (Winter Session Of Jharkhand Assembly) 19 दिसंबर से शुरू होगा। जो 23 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन शपथ ग्रहण या शोक प्रकाश होगा। वहीं दूसरे दिन से प्रश्नकाल होगा। इस सत्र में हंगामें के पूरे आसार है। इस सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) अपना दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। राज्यपाल रमेश बैस (Ramesh Bais) ने इस सत्र के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे पहले मंत्रिपरिषद की बैठक में मानसून सत्र के सत्रावसान के प्रस्ताव को मंजूरी देकर राजभवन भेजा गया था। दरअसल, मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया था। इसलिए 5 सितंबर और 11 नवंबर को दो विस्तारित सत्र बुलाए गए थे।

शीतकालीन सत्र में हंगामा तय
झारखंड में इस समय सियासी हलचल तेज है। मुख्यमंत्री, साहिबगंज में हुए एक हजार करोड़ रुपये के अवैध खनन मामले में ईडी की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में चुनाव आयोग का मंतव्य भी राजभवन पहुंच गया है। जाहिर है विपक्ष इसे मुद्दा बनाएगा। इन दिनों राज्य बिजली संकट का भी सामना कर रहा है। भाजपा ने बिजली संकट को लेकर राजभवन के सामने धरना प्रदर्शन भी किया है। यह भी एक मुद्दा होगा। इसके अलावा विपक्ष, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरने का प्रयास करेगा।