द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची, गुमला, लोहरदगा और खूंटी में शनिवार को तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन किसानों की फसलों को नुकसान भी हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कोल्हान और संताल परगना को छोड़कर बाकी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, दोपहर के बाद कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और वज्रपात हो सकता है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार को कोल्हान और संताल परगना में तेज हवाओं के साथ गरज, बिजली गिरने और बारिश की संभावना है। अगले 2-3 दिनों में तापमान बढ़कर 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ेगी। शनिवार को रांची में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन दिनभर धूप खिली रही। शाम 4 बजे अचानक मौसम बदला और घने बादल छा गए। इसके बाद ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। गुमला और लोहरदगा में भी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है।
गुमला में सबसे ज्यादा 15 मिमी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को गुमला में सबसे ज्यादा 15 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में 10 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में झारखंड के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई-
- सरायकेला-खरसांवा: 85.6 मिमी
- सिमडेगा (कुरडेग): 69.9 मिमी
- रांची: 45 मिमी
- जमशेदपुर: 40 मिमी
- गुमला: 38 मिमी
- लोहरदगा: 32 मिमी
- खूंटी: 45 मिमी
- लाहेतार: 37 मिमी
- रामगढ़: 25 मिमी
- चाईबासा: 38 मिमी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में झारखंड में मौसम गर्म रहेगा, लेकिन कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।