द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन अब नहीं रहे। 15 अगस्त की देर रात दिल्ली के इंद्रप्रस्थ स्थित अपोलो अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 2 अगस्त से अस्पताल में भर्ती थे और वहीं उनका इलाज चल रहा था। आज उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया जाएगा। इसके बाद, श्रद्धांजलि के लिए उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पहले उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला और फिर जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा।

उनके सोशल मीडिया अकाउंट से उनके बेटे ने एक पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी कि अब उनके पिताजी इस दुनिया में नहीं रहे. इसके बाद झामुमो नेता कुणाल षाडंगी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आप सभी को अत्यंत दुःख के साथ यह सूचना साझा कर रहा हूँ कि राज्य के स्कूली शिक्षा व निबंधन मंत्री तथा घाटशिला विधानसभा के विधायक माननीय रामदास सोरेन जी अब हम सबके बीच नहीं रहे। उनके लाखों चाहने वालों, शुभचिंतकों, कर्मठ कार्यकर्ताओं, स्कूली शिक्षा व निबंधन विभाग के सहयोगियों और हम सबके लिए एक व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है।
पूरा झारखंड मुक्ति पारचा परिवार इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के सभी चिकित्सकों और उनकी टीमों के सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता है कि उन्होंने पिछले 2 अगस्त से लेकर आज तक दिन रात उन्हें ठीक करने के लिए बहुत मेहनत की लेकिन ईश्वर की मर्जी के आगे हम सब मजबूर हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ऊँ शांति!"
बता दें कि 2 अगस्त की अहले सुबह करीब 4:30 बजे रामदास सोरेन अपने जमशेदपुर स्थित घोड़ाबांधा आवास के बाथरूम में गिर पड़े थे। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां सीटी स्कैन के बाद ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि हुई। तत्पश्चात उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया, जहां वे शुरू से ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।
दिल्ली के डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। उनके इलाज में मुंबई और चेन्नई से भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगी हुई थी। इसके अलावा अमेरिका के डॉक्टरों से भी सलाह ली जा रही थी। लेकिन स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी, जिस कारण डॉक्टर ऑपरेशन करने का निर्णय नहीं ले पा रहे थे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया था कि रामदास सोरेन का ब्रेन डेड हो चुका है, लेकिन उनके अन्य अंग कार्य कर रहे थे और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था।
झारखंड को एक महीने में दो बड़े नेताओं का निधन
रामदास सोरेन के निधन की खबर झारखंड के लिए दोहरा दुख लेकर आई है। इससे पहले, 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हुआ था। एक महीने के भीतर राज्य ने दो बड़े आदिवासी नेताओं को खो दिया है, जो झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। संयोगवश, आज ही शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म भी है। रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर आज सुबह करीब 9 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट लाया जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पहले उनके विधानसभा क्षेत्र और फिर जमशेदपुर स्थित उनके घोड़ाबांधा आवास ले जाया जाएगा।
कोल्हान के प्रभावशाली नेता थे रामदास सोरेन
रामदास सोरेन कोल्हान क्षेत्र में एक लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता माने जाते थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता थे। उन्होंने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से 2009, 2019 और 2024 में तीन बार जीत दर्ज की थी। 2009 में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तीन बार के विधायक डॉ. प्रदीप बालमुचू को हराकर अपनी राजनीतिक ताकत साबित की थी।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
रामदास सोरेन के निधन पर पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ""ऐसे छोड़ कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा..."
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, "झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक श्री रामदास सोरेन जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति।"
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पोस्ट करते हुए लिखा,"राज्य के लिए यह अत्यंत दुखद समाचार है और शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति। श्री रामदास सोरेन जी बड़े ही व्यवहारिक, कोल्हान के सबसे बड़े और आदिवासी समाज के प्रख्यात नेता थे। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। मैं लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रहा था, डॉक्टरों से संपर्क में था, परंतु अंततः हम यह संघर्ष हार गए। मैं उनके परिवार से निरंतर संपर्क में हूँ और इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक-संतप्त परिवार को संबल दें।"
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं निबंधन मंत्री श्री रामदास सोरेन जी के निधन का दुखद समाचार मिला। बाबा बैद्यनाथ उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"
.jpeg)