रांची :
साल 2022 को अलविदा करने और साल 2023 के वेलकम का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राजधानी के सभी फॉल, डैम, पार्क सहित सभी पिकनिक स्पॉट अभी से ही गुलजार होने लगे हैं। इसे लेकर प्रशासन भी सतर्क है। खासकर साल के पहले दिन 1 जनवरी को पिकनिक स्पॉट पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर रांची जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारी कर ली है। नए साल के उमंग में खलल न पड़े इसको लेकर जिला प्रशासन ने सभी पिकनिक स्पॉट के साथ प्रमुख चौक-चौराहों यानि 68 स्थान पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी व अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। इस संबंध में डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है। पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति 31 दिसंबर से 5 जनवरी तक के लिए की गई है। सभी थानों को खासकर जिनके इलाके में पर्यटन स्थल व पार्क आदि है वहां विशेष गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

कोरोना गाइडलाइन के पालन कराने का निर्देश
सभी संबंधित पदाधिकारियों को कोरोना के संक्रमण को देखते हुए दिशा-निर्देशों का पालन एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। साथ ही नशे की हालत में दो पहिया/चार पहिया एवं अन्य वाहनों को चलाने वाले व्यक्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया है।
छेड़खानी रोकने के लिए सादे लिबास में रहेगी पुलिस
नए साल में पिकनिक स्पॉट में उमड़ने वाली भीड़ के दौरान रेस ड्राइविंग करने वाले व्यक्तियों, महिलाओं/युवतियों से छेड़-छाड़ करने वाले तत्वों पर दंडाधिकारियों द्वारा विशेष निगरानी रखने का निर्देश जारी किया गया है। ऐसी हरकत करते पकड़े जाने वाले व्यक्तियों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
नावों में लाईफ जैकेट पहनने पर सख्ती
नदी, जलाशयों, डैम, फॉल विभिन्न प्रकार के वाटर बॉडी में बोटिंग करने वाले नावों में लाईफ जैकेट पहनने का सख्ती से अनुपालन कराने का आदेश दिया गया है। साथ ही वाटर फॉल में जहां से पानी गिरता है उसके आस-पास लोग न जाये इसका अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।
स्थानीय गोताखोर रहेंगे तैनात
रांची के हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल, दशम फॉल और सीता फॉल सहित सभी जलाशयों में स्थानीय गोताखोरों की तैनाती जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। इसके लिए सदर एसडीओ और बुंडू एसडीओ को डीसी ने आदेश दिया है। ऐसा इसलिए कि आपात स्थिति में स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जाए। दोनों एसडीओ को यह भी निर्देश दिया है कि पर्यटन स्थलों के खतरनाक स्थान को चिह्नित कर उसमें बोर्ड लगाएं। इधर, सभी मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रति दो घंटे में खैरियत प्रतिवेदन एसएमएस के माध्यम से सदर व बुंडू एसडीओ को भेजते रहेंगे।अग्निशमन और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था
रांची में कुल 10 जगहों पर अग्निशमन व्यवस्था की गयी। इनमेंअनगड़ा थाना, ओरमाझी थाना, दशमफॉल थाना, पिठौरिया थाना, रातु थाना, नगर नियंत्रण कक्ष, धुर्वा थाना, फिरायालाल चौक, सिकिदिरी थाना, नगर नियंत्रण कक्ष शामिल हैं। इसके साथ 04 एम्बुलेंस, पर्याप्त चिकित्सकों एवं मेडिकल दल की भी तैनाती की जाएगी। मेडिकल की आवश्यक उपकरण तथा जीवन रक्षक दवाओं सहित जिला नियंत्रण कक्ष भी होंगे।
इन स्थानों पर की गई तैनाती
रॉक गार्डन कांके डैम रांची,कांके डैम,सिदो-कान्हू पार्क मोरहाबादी, मछली घर (राजभवन के पास), नक्षत्र वन (राजभवन के पास),हटिया डैम, हुंडरु फॉल,दशम फॉल, दिउड़ी मंदिर/तालाब,सूर्य मंदिर बुंडू, जोंहा फॉल (अनगड़ा),गेतलसूद डैम (अनगडा),सीता फॉल (अनगड़ा),गौतम धारा (अनगडा),रुक्का डैम,ऑक्सीजन पार्क, मोरहाबादी, रांची,बिरसा मुंडा पार्क (ओल्ड जेल कैंपस),स्वर्ण रेखा,मगरमच्छ प्रजनन केंद्र, मुटा,जैविक उद्यान ओरमांझी,फन कैशल पार्क रातू,डोरंडा स्थित श्रीकृष्णा पार्क,पहाड़ी मंदिर के ऊपरी और निचली भाग में, टैगोर हिल,धुर्वा डैम, पिठोरिया घाटी