logo

झारखंड के इन जिलों में आज हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट 

rain_in_winter_ranchi2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को रांची सहित राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज यानि 4 नवंबर को भी राज्य में बारिश के आसार हैं। इसके बाद बादल छट जाएंगे और मौसम साफ होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आज झारखंड के पूर्वी सिंहभूम,गुमला,रांची,पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जिले में गरज के साथ बारिश को लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम खराब होने की स्थिति में घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक आएगी गिरावट

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उसके असर से ही यह बारिश हो रही है। 4 नवंबर को राज्य के कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। वैसे तो अभी झारखंड में तापमान सामान्य बना हुआ है, वहीं 4 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के कई हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है इसके साथ ही राज्य में ठंड और बढ़ेगी। 5 और 6 नवंबर को राज्य के कई भागों में सुबह के समय कोहरे और धुंध देखने को मिलेंगे।

लोगों की बिगड़ने लगी तबीयत
तापमान में तेजी से गिरावट के कारण अधिक ठंड महसूस की जा रही है। मौसम में इस बदलाव से लोगों की तबीयत भी बिगड़ने लगी है। लोगों को सर्दी, जुकाम और खांसी की समस्या अब आम हो गई है। इधर सर्द मौसम के आते ही बाजारों में गर्म कपड़ों की भी आवक तेज हो गई है। बाजार में कंबल, रजाई, गद्दे से लेकर महिलाओं, बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों तक के लिए गर्म एवं ऊनी कपड़े नजर आने लगे हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N