द फॉलोअप डेस्कः
अगर आपने भी गर्म कपड़े रख दिये हैं, तो फिर से उन्हें निकाल लीजिए। दरअसल रांची स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि झारखंड में एक बार फिर ठंड बढ़ने वाली है। 24 घंटे के दौरान 2 से 3 डिग्री तक तापमान में गिरावट का अनुमान मौसम केंद्र ने जताया है। इसकी वजह से ठंड का अहसास होगा। साथ ही राज्य के 7 जिलों में बिजली कड़कने, बारिश और वज्रपात का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 घंटे के दौरान 2 से 3 डिग्री तक तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। इसी गिरावट की वजह से अहले सुबह और देर शाम ठंड महसूस होता रहेगा। मौसम केंद्र के मुताबिक कोल्हान प्रमंडल में आने वाले सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के साथ संथाल परगना के दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा जिले में गरज के साथ बारिश एवं वज्रपात की संभावना आज के लिए व्यक्त की गई है।
इधर झारखंड का मौसम साफ हो गया है। प्रदेश के अधिकांश जिले में आसमान साफ है और सुबह से ही खिली हुई धूप निकली हुई है। इसके साथ ही अहले सुबह मौसम में ठंड भी है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1 मार्च तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है। हल्के बादल छाने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के आसपास रहने वाला है।
बीते 24 घंटे में मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक बंगाल और ओडिशा से सटे इलाके में हल्की बारिश दर्ज की गई है। जिसके अनुसार पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में सबसे अधिक 37.4 मिमी बारिश हुई है। इसके बाद बोकारो में 15 मिमी, धालभूमगढ़ में 10.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बात अधिकतम और न्यूनतम तापमान की करें तो सबसे अधिक उच्चतम तापमान डाल्टेनगंज और सराइकेला का रहा है। यहां का तापमान 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम तापमान की बात करें तो यह गुमला का रहा। यहां का सबसे कम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस है।