logo

देवघर : गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर करते थे ठगी, 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार

ARREST31.jpg

देवघर
देवघर जिले की साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारवां थाना क्षेत्र के घोरपरास जंगल में कुछ युवक साइबर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी की और तीन आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय कुमार मंडल (रघुवाडीह थाना खागा), सऊद अंसारी (जरगड़ी थाना पालोजोरी) और अजीत कुमार दास (बरदेही ओपी पथरड्डा) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये तीनों गूगल सर्च इंजन पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालते थे और जब कोई व्यक्ति मदद के लिए कॉल करता, तो उससे अलग-अलग बहाने से बैंकिंग डिटेल और ओटीपी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेते थे।


पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और छह फर्जी सिम कार्ड भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जाता था। साइबर ठगों से पूछताछ पूरी होने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में पुनि कृष्ण दत्त झा, पुअनि टेकलाल मेहता, थाना प्रभारी सारवां समेत पुलिस के जवान शामिल थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिले में साइबर अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
देवघर और आसपास के इलाकों में बढ़ते साइबर अपराध के मद्देनज़र पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस आम जनता से अपील कर रही है कि किसी भी अज्ञात कस्टमर केयर नंबर या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी तरह की ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर थाना से संपर्क करें।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News