द फॉलोअप डेस्क
भारत एक लोकतांत्रिक देश है। इस देश में किसी की आवाज को नहीं दबाया जा सकता है। कांग्रेस के लोग जो बोल रहे हैं कि उनके नेता को लोकसभा में बोलन नहीं दिया गया तो वे गलत कह रहे हैं। जबकि, लोकतंत्र की हत्या करने वाली पार्टी खुद कांग्रेस है। यह बातें भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रविवार को रांची हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कही। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार को बदलने का समय आ गया है। संवैधानिक तरीके से वर्तमान सरकार को भाजपा के कार्यकर्ता हटाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार, महंगाई महिलाओं की सुरक्षा जैसी कई समस्याएं हैं। इन सभी समस्याओं के निदान के लिए भाजपा जनता के बीच जाएगी। लोगों को जागरूक किया जाएगा।

राहुल के मामले में कोर्ट ने निर्णय लिया है
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वाजपेयी ने कहा कि उनके लोग हर जगह यह शिकायत दर्ज करा रहे हैं कि उनके नेता राहुल गांधी की सदस्यता भारतीय जनता पार्टी के कारण चली गई। यह गलत है। क्योंकि, पूरा मामला कोर्ट में है। जो भी निर्णय लिया गया है, वह न्यायालय ने लिया है। ऐसे में यदि कांग्रेस के लोग आरोप लगाते हैं तो वह पूरी तरह से निराधार है।

प्रदेश कार्यालय में नेताओं के साथ करेंगे बैठक
रांची में वाजपेयी प्रदेश के नेताओं से 11 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम की तैयारी की जानकारी लेंगे। इसके अलावा पार्टी के पदधिकारियों के साथ एक बैठक भी करेंगे। राजधानी में 11 अप्रैल को झारखंड मंत्रालय घेराव को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा जोर-शोर से जुड़ी है। 11 अप्रैल को इस आंदोलन में झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश,भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अलावा सभी विधायक, सांसद, विभिन्न संगठन व मोर्चा के पदाधिकारी शामिल होंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT