द फॉलोअप डेस्क
देशभर में प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही है और इसे कम करने के लिए रामगढ़ के दो युवाओं ने उठाया है एक अनोखा कदम। साइकिल पर सवार होकर ये युवा निकल पड़े हैं 2000 किलोमीटर लंबी यात्रा पर, वैष्णो देवी और लद्दाख तक। मकसद है लोगों को ज्यादा से ज्यादा साइकिल का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना।
झारखंड के रामगढ़ जिले के रहने वाले संतोष और अभिषेक कुमार इन दोनों की मंज़िल दूर है, लेकिन मकसद साफ पर्यावरण को बचाना और लोगों में साइकिल चलाने की आदत बढ़ाना।
आज के दौर में सड़कों पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आंकड़े चौंकाने वाले हैं, प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। जबकि दुनिया के कई विकसित देशों में साइकिल का इस्तेमाल आम बात है। दोनों युवक साइकिल से भारत भ्रमण पर हैं, वैष्णो देवी और लद्दाख तक यह दोनों 2000 किलोमीटर का सफर तय करेंगे और रास्ते में जहां भी जाएंगे, लोगों को साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
दोनों चाहते है कि लोग ज्यादा से ज्यादा साइकिल का उपयोग करें। यह न सिर्फ पर्यावरण के लिए अच्छा है बल्कि सेहत के लिए भी। अभिषेक कुमार, जिन्होंने पिछले साल केदारनाथ तक पैदल यात्रा भी की थी, इस बार साइकिल से निकले हैं। दोनों कहते है कि साइकिलिंग एक बेहतरीन व्यायाम है। हमारी कोशिश होगी कि जहां भी भीड़भाड़ होगी, वहां लोगों को साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित करें। छोटा सा प्रयास, लेकिन बड़ा असर। रामगढ़ के ये दोनों युवा अपने पैडल के साथ बदलाव की रफ़्तार भी बढ़ा रहे हैं।
