रांची:
झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र (Jharkhand Assembly Winter Session) का आज पांचवां और आखिरी दिन है। आज भी 22 दिसंबर की तरह सदन संचालित होगा यानि प्रश्नकाल होगा। इसके अलावा सत्र के चौथे दिन की बात करे तो विधायकों ने कई मुद्दों पर सवाल उठाए। जिस पर संबंधित मंत्रियों ने जवाब दिया। इस दौरान कई बार सदन का माहौल गर्म भी हुआ।

अमर बाउरी और मिथिलेश ठाकुर के बीच हुई नोकझोंक
सदन के चौथे दिन भाजपा विधायक अमर बाउरी ने सवाल किया था कि क्या सरकार चास प्रखंड के केलिया डाबर में 10 एकड़ से अधिक में फैले लोतन बांध का जीर्णोद्धार कराना चाहती है। सरकार के ओर से इसका जवाब के दौरान मंत्री मिथिलेश ठाकुर और अमर बाउरी के बीच हल्की नोकझोंक हुई थी। जवाब से असंतुष्ट अमर बाउरी ने स्पीकर से कहा कि सरकार को डांटिये। जिसपर जवाब देने के लिए खड़े हुए मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि आप गलतफहमी में ना रहें कि सिर्फ आपको ही जानकारी है।

अंबा ने अपनी ही सरकार पर लगाया आरोप
सत्ता पक्ष की विधायक अंबा प्रसाद ने सदन में अपनी ही सरकार पर आरोप लगाया था। तारांकित प्रश्न के माध्यम से पूछे गए सवाल पर मिले सरकार के जवाब से वह नाराज थीं। उन्होंने स्पीकर से कहा कि सदन में आश्वासन मिलने के बाद भी काम नहीं होता है। दरअसल अंबा ने यह पूछा था कि क्या सरकार बड़कागांव और केरेडारी में हो रही बिजली समस्या से निजात के लिए फीडर निर्माण का विचार रखती है। अंबा के सवाल पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि शीघ्र ही फीडर निर्माण होगा। जिसपर अंबा ने कहा कि कबतक होगा यह समय सीमा तय हो। जिसके बाद मंत्री ने कहा कि फीडर निर्माण के लिए उपयुक्त को जमीन आवंटन के लिए निर्देशित किया गया है।