द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दर्दनाक घटना घटी है। यहां जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत गीतिलिपि गांव में पुआल से घर में लगी आग की चपेट में आकर चार बच्चों की मौत हो गई है । घटना सोमवार की सुबह 11 बजे के आसपास घटी है। पुलिस मौके पर पहुंची है और चारों बच्चों के बुरी तरह जले शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। चारों बच्चे घर में पुआल में खेल रहे थे। हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है।
गांव की एक महिला बिरंग गगराई पानी लेने आई थी, इस दौरान उन्होंने देखा कि पुआल घर में आग लगी हुई है और उसमें बच्चे जल रहे हैं। यह देखकर बच्चों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक चारों बच्चों की जलकर मौत हो चुकी थी। मृतक बच्चों में अर्जुन चातार का पांच साल का बेटा प्रिंस चातार, चंद्रमोहन सिंकू का पांच साल बेटा साहिल सिंकू, सुखराम सुंडी का दो साल का लड़का रोहित सुंडी और एक पांच साल की लडकी भूमिका सुंडी शामिल हैं।