द फॉलोअप डेस्क, रांची
आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आत्मघाती कदम उठाने से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया और लाइव वीडियो के दौरान अपनी जान देने की बात कही। लाइव में वह कहती सुनाई दे रही हैं कि उनके साथ कोई नहीं है और वह अकेले संघर्ष करती रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके इस कदम से माता-पिता को काफी दुख होगा। उन्होंने खुद को किसी का दलाल बताए जाने पर भी नाराजगी जताई और कहा कि आरएसएस और बीजेपी के लोग भी उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कार्रवाई नहीं होने से थीं आहत
लाइव वीडियो में निशा भगत काफी भावुक और परेशान नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनके साथ जो कुछ किया, उसके बाद वह अपनी जिंदगी समाप्त करने जा रही हैं। उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान भी आत्महत्या करने की बात दोहराई। वीडियो में वह बार-बार अपने अंतिम कदम का जिक्र करती सुनाई दे रही हैं। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति और घटना के पीछे की पूरी वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
