logo

बोकारो में दामोदर नदी में डूबे 2 सगे भाई, विश्वकर्मा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा

drowned.jpg

बोकारो
विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेरमो थाना क्षेत्र के करगली गेट के पास स्थित फिल्टर प्लांट के समीप दामोदर नदी में दो सगे भाई डूब गए। दोनों युवकों की पहचान बिहार के जहानाबाद निवासी विधु प्रसाद के बेटे राकेश कुमार (22) और अंकित कुमार (18) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई हाल ही में अपने मामा शिव विनय कुमार के घर करगली तीन नंबर आए थे, ताकि यहां विश्वकर्मा पूजा में शामिल हो सकें। विसर्जन के दौरान जब वे नदी में उतरे तो तेज बहाव में बह गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए और बाहर नहीं निकल सके।


पुलिस और गोताखोरों की टीम जुटी तलाश में
घटना की जानकारी मिलते ही बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोग भी लगातार दोनों की खोज में लगे रहे, लेकिन देर रात तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। खबर लिखने तक लगातार खोजबीन जारी है, लेकिन अब तक दोनों का कुछ पता नहीं चला है।
जैसे ही यह खबर घर तक पहुंची, परिजन घटनास्थल पर दौड़े आए। मामा विनय कुमार ने बताया कि दोनों ही उनके इकलौते भांजे थे। उन्होंने व्यथित होकर कहा—“अब हम अपनी बहन-बहनोई को क्या जवाब देंगे।” इस हादसे की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा होकर खोजबीन में मदद कर रहे हैं।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News