द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिला स्थित पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से दो लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के दो गांवों का है। जहां सेजल झा पिछले पांच सालों से गायब है। वहीं, इसी थाना क्षेत्र के खुटाडीह गांव की पुष्पा कुमारी भी पिछले सात महीनों से लापता है। दरअसल, गिरधरटांड गांव की रहने वाली सेजल झा 16 अक्तूबर 2020 को उस वक्त लापता हो गई थी, जब वह सुबह करीब पौने ग्यारह बजे साइकिल से बगल के ही गांव कुरमा के लिए ट्यूशन पढ़ने निकली थी। सेजल के घर से निकलने के महज 15 मिनट बाद ही मुख्य सड़क पर एक ट्रैक्टर चालक जो सेजल को जानता था, उसे सड़क किनारे साइकिल, चप्पल और किताबें गिरी हुई मिलीं।

चालक ने सेजल के घर जाकर तत्काल इसकी सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां देखे कि बिखरा हुआ सारा सामान सेजल का ही था। इसके बाद तुरंत प्रभाव से परिजनों ने पिंड्राजोरा थाना में इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई और घटना के एक सप्ताह के भीतर तत्कालीन एसपी चंदन झा ने एसआईटी टीम का गठन कर सेजल की खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि, इसके बाद भी सेजल का कोई पता नहीं चल सका। उसके बाद यह मामला डीजीपी स्तर तक पहुंचा। बताते चलें कि अलग-अलग समय पर तत्कालीन एसपी प्रियदर्शी और वर्तमान एसपी हरविंदर सिंह की टीमों के द्वारा कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। लेकिन हर बार कोशिश बेनतीजा ही निकली।
.jpeg)
वहीं, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की सरदाहा पंचायत के खुटाडीह गांव की रहने वाली 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। पुष्पा भी सेजल के जैसा ही 21 जुलाई 2025 को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परीजनों द्वारा खोजबीन शुरू की गई और पुलिस में इसकी शिकायत की गई। पुलिस के द्वारा मामला को संज्ञान में लेते हुए खोजबीन शुरू की गई। लेकिन, सात महीने बीत जाने के बाद भी पुष्पा का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बहरहाल, सेजल मामले में सीआईडी ने जांच शुरू कर दिया है। वहीं पुष्पा की तलाश में पुलिस अभी भी जुटी हुई है।