पलामू:
पलामू जिला में सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां पत्थर से लदा हाईवा पेड़ से टकरा गया। जिसमें ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हाईवा का संचालन गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक ड्राइवर का नाम नंदकिशोर सिंह है। वह बिहार के रोहतास का रहने वाला है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर के शव को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सगुना मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई ट्रक
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पाटन थाना क्षेत्र में स्टोन माइंस में पत्थर लोड कर हाईवा गढ़वा के इलाके में जा रही थी। इसी क्रम में सगुना मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतना जोरदार था कि ट्रक को परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पाटन थाना प्रभारी गुलशन गौरव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। जख्मी सह-चालक को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।

तेज रफ्तार में होने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि ट्रक काफी तेज रफ्तार में थी। इसी कारण से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने कहा कि हमने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।