logo

रांची : 625 किमी लंबा होगा वाराणसी से कोलकाता एक्सप्रेस-वे, झारखंड के चार जिलों से होकर गुजरेगा

bharatmala.jpg

रांचीः

भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत केंद्र सरकार पूरे देश में सड़को का जाल बिछा रही है। जिससे एक राज्य से दूसरे राज्य की  कनेक्टिविटी बढ़ेगी। इसी बीच झारखंड के लिए अच्छी खबर यह है कि वाराणसी से कोलकाता तक नया एक्सप्रेस-वे बनेगा। झारखंड से गुजरने वाला यह चौथा एक्सप्रेस-वे होगा। जिसकी लंबाई 625 किमी होगी। यह हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ व रांची से होकर गुजरेगा। इन चारों जिलों के भू-अर्जन अधिकारियों को जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है।


तीन एक्सप्रेस-वे से पहले से प्रस्तावित 
इस दिशा काम शुरू हो गया है। अधिकारियों को जमीन चिन्हित करने को कह दिया गया है ताकि रैयतों को मुआवजा देकर जमीन का अधिग्रहण किया जा सके। गौरतलब है कि झारखंड से गुजरने वाले तीन एक्सप्रेस-वे से पहले से प्रस्तावित हैं। इनमें रक्सौल से हल्दिया, संबलपुर से रांची तक और रायपुर से गुमला, रांची होते हुए धनबाद तक का एक्सप्रेस-वे शामिल हैं। बता दें कि सरकार इस पर इसलिए काम कर रही है ताकि इकोनॉमिक कॉरिडोर (आर्थिक गलियारा) और इंटर कॉरिडोर (आंतरिक गलियारा) को मजबूती मिले।  इससे शहरों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। 

 

बड़े शहरों तक आवागमन आसान हो जाएगा
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धीरज कुमार भारती ने कहा कि झारखंड से गुजरने वाले इस चौथे एक्सप्रेस-वे का डीपीआर बनाने के प्रस्ताव पर काम हो रहा है। अगले चार महीने में भूमि चिन्हित कर डीपीआर का काम पूरा हो जाएगा।इसके बाद काम शुरू होगा। एक्सप्रेस-वे बन जाने से बड़े शहरों तक आवागमन आसान हो जाएगा। इससे विकास को गति मिलेगी। लोगों की तरक्की होगी और राज्य में खुशहाली आएगी।