द फॉलोअप डेस्क
सावन के पवित्र महीने में हजारीबाग़ जिले के बरही प्रखंड के उज्जैना गांव से एक चमत्कारिक और आस्था से जुड़ी खबर सामने आई है। शनिवार की सुबह गांव की एक कच्ची सड़क से गुजरते समय एक वाहन कीचड़ में बुरी तरह फंस गया। काफी देर की कोशिश के बाद जब वाहन को बाहर निकाला गया, उसी दौरान कीचड़ में कुछ अलग दिखा गौर से देखने पर लोगों को वहां एक शिवलिंग दिखाई पड़ा।
शिवलिंग की आकृति देखते ही आसपास मौजूद ग्रामीण हैरान रह गए। यह खबर पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते वहां भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। विशेष रूप से महिलाओं ने शिवलिंग को सावधानीपूर्वक साफ किया और पूजा-अर्चना शुरू कर दी। 'हर हर महादेव' के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि सावन जैसे पवित्र माह में शिवलिंग का इस तरह प्रकट होना कोई साधारण बात नहीं है। ग्रामीण इसे भगवान शिव का चमत्कार मान रहे हैं और इसे अत्यंत शुभ संकेत के रूप में देख रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने वहां स्थायी मंदिर निर्माण की मांग भी उठाई है। एक महिला श्रद्धालु ने बताया, “हमने अपनी आंखों से देखा कि कीचड़ में से शिवलिंग प्रकट हुआ। यह भोलेबाबा का संकेत है। अब यहां मंदिर जरूर बनना चाहिए।” गांव के कई लोग मिलकर मंदिर निर्माण की योजना पर विचार कर रहे हैं। फिलहाल वहां रोजाना पूजा-पाठ और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। यह स्थल धीरे-धीरे आसपास के इलाकों के श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
