जामताड़ा:
जामताड़ा में एक प्रेमी जोड़ा कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में था। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ा और फिर भारी हंगामा खड़ा हो गया। घटना सुपाएडीह पंचायत के मेला डंगाल मैदान की है। लोगों ने प्रेमी जोड़े को बंधक बना लिया था। पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो बवाल शांत हुआ। तनाव इतना ज्यादा था कि पुलिस को भी ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आलम ये था कि एक्सट्रा फोर्स बुलानी पड़ी, तब कहीं जाकर कपल को सुरक्षित पुलिस स्टेशन ले जाया जा सका।

मेला डंगाल मैदान में इस हाल में था प्रेमी जोड़ा
बताया जा रहा है कि जामताड़ा थानाक्षेत्र के धरमपुर की रहने वाली विवाहित महिला का नारायणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मदनाडीह निवासी एक शादीशुदा व्यक्ति से कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दावा है कि महिला 3 बच्चों की मां है। सोमवार को शाम तकरीबन साढ़े 5 बजे गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे के पास मेला डंगाल मैदान में प्रेमी जोड़ा कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में था। किसी की नजर पड़ी और पूरे गांव में हल्ला हो गया। वहां ग्रामीणों की भीड़ जुटी और उन्होंने महिला और उसके कथित प्रेमी को बंधक बना लिया।

पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी
भीड़ में शायद कोई सज्जन था जिसने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची और प्रेमी जोड़े को वहां से ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उन्हें नहीं ले जाने देने पर अड़ गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिसकर्मियों ने वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी सुनील सिंह की अगुवाई में अतिरिक्त पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची।

कड़ी मशक्कत से प्रेमी युगल को छुड़ाया
पुलिस ने समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया और बड़ी मशक्कत से प्रेमी युगल को ग्रामीणों से छुड़ाकर सुरक्षित थाना ले गई। जामताड़ा थाने में कथित प्रेमी युगल से पूछताछ जारी है। हालांकि, ग्रामीणों के हाथों बंधक बने महिला और पुरुष ने बताया कि वे बेकसूर हैं। दोनों मजदूरी करते हैं और काम के सिलसिले में घटनास्थल पर पहुंचे थे। गौरतलब है कि लड़की आदिवासी है।