द फॉलोअप डेस्क
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत रेडमा वार्ड नंबर 17 स्थित समदा आहर निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी और नियमों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह महीनों से चल रहे निर्माण कार्य में निगम प्रशासन और संवेदक की मिलीभगत से बिना स्वीकृत रोडमैप और बिना उचित मापी के कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के नाम पर स्थानीय रैयतों की जमीन पर जबरन सड़क बंद कर दी गई है और रेडमा गांव की मुख्य ग्रामीण सड़क को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।
सूचना मिलने पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में सुनील तिवारी एंड अदर्स रेडमा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मनमानी की जा रही है। वहीं, विकास सिंह नामक व्यक्ति अपने को पेटी कांट्रैक्टर बताते हुए दबंगई के साथ कार्य करा रहे हैं।
.jpeg)
रूचिर कुमार तिवारी ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। उन्होंने कहा कि जब कार्य को रोकने का आग्रह किया गया तो सहायक नगर आयुक्त ने अपनी असमर्थता जताई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समदा आहर निर्माण कार्य की जांच कराते हुए दोषी संवेदक और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा स्थानीय रैयतों की भूमि और आवागमन मार्ग को बहाल किया जाए।
