logo

झिमरी में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का ग्रामीणों ने किया विरोध, सर्विस रोड की मांग

झिमरी में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का ग्रामीणों ने किया विरोध, सर्विस रोड की मांग

सरायकेला-खरसावां: 

चांडिल-मुरी रेलखंड के झिमरी रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन ROB के कारण वर्षों से उपयोग में आ रहा उनका मुख्य रास्ता बंद हो जाएगा, जिससे उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

दैनिक कार्यों के लिए आवागमन बंद होगा
ग्रामीणों ने बताया कि इसी रास्ते से क्षेत्र के हजारों लोग झिमरी स्टेशन के समीप सब्जी बेचने, तालाब में स्नान करने, मवेशियों को चराने, खेतों से धान आदि फसल घर लाने सहित अन्य दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। इसके अलावा श्राद्ध एवं अन्य सामाजिक कार्यों के दौरान भी स्टेशन के समीप स्थित तालाब में जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल किया जाता है।

ग्रामीणों ने सर्विस रोड की मांग की है
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ROB निर्माण के दौरान यह रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया, तो उन्हें अपने जरूरी कामों के लिए करीब 1 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और मवेशी पालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं, ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की। उनकी मांग है की है कि ROB निर्माण के साथ उनके आवागमन के लिए सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक सर्विस रोड की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक ROB का निर्माण कार्य बंद रखा जाए।

वहीं, मौके पर मौजूद निर्माण कार्य के मुंशी से जब ग्रामीणों की समस्या और सर्विस रोड को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पहले कैमरे के सामने कुछ कहने से परहेज किया। बाद में उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि ग्रामीणों के लिए सर्विस रोड का भी निर्माण कराया जाएगा।

एजेंसी ने आश्वासन दिया तो घर लौटे ग्रामीण
निर्माण एजेंसी की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद ग्रामीण फिलहाल अपने घर लौट गए। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी समस्या का स्थायी समाधान सर्विस रोड बनने के बाद ही संभव होगा।

Tags - Jharkhand NewsSaraikela KharsawanROBService Road