साहिबगंज/ ( भक्ति कुमार पांडेय):
कोटलपोखर के ग्रामीण इन दिनों बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए हैं। राज्य सरकार ग्रामीणों को बुनियादी सुविधा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, मगर प्रशासनिक पदाधिकारियों की उदासनीता और विभागीय संवेदक की मनमानी के कारण कोटलपोखर के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बता दें कि कोटलपोखर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिये सड़क के नीचे पाइप लाइन बिछाया गया था। लेकिन सड़क निर्माण के क्रम में पीडब्ल्यूडी के पदाधिकारी ओर विभागीय संवेदक के द्वारा पूर्वी कोटालपोखर क्षेत्र में पांच किलोमीटर तक पानी के सप्लाई पाइपलाइन को तोड़ दिया गया है। जिसके कारण यहां के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई। ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन और विभाग के खिलाफ सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय कर लिया है।

करोड़ों की बनी सड़क समस्या जस का तस
पिछले 1 दशक से कोटालपोखर के लोगों ने गन्नी चौक से बंगाल सीमा तक पक्की सड़क का निर्माण करने की मांग की थी। जिसके बाद हाल के दिनों में रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट साहिबगंज के द्वारा गन्नी चौक से बंगाल सीमा तक सड़क का निर्माण कराया गया। लेकिन, ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ो की लागत से सड़क तो बना दिया गया। लेकिन 750 परिवार के घरों का पानी छीन लिया गया। जिसके कारण लोगों में काफी आक्रोश है।

मांग पूरी नहीं होने पर होगा आंदोलन
आजसू के प्रखंड सचिव प्रणव कुमार साहा उर्फ विक्की ने बताया कि पूर्व के विधायक अकील अख्तर के अथक प्रयास से कोटालपोखर में पानी टंकी का निर्माण कराया गया था। निर्माण में कई तरह के बाधाओं के चलते यह योजना प्रारंभ होने में कई वर्ष लग गए। लेकिन जैसे ही यह योजना के माध्यम से लोगों के घर में पानी पहुंचना शुरू हुआ पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही और संवेदक के मनमानी के कारण क्षेत्र में पानी की दिक्कत शुरू हो गई। इस संबंध में प्रणव साहा ने कार्यपालक अभियंता और साहिबगंज डीसी से लिखित शिकायत की है। जिसमें उन्होंने संवेदक और विभागीय पदाधिकारी पर कानूनी कार्रवाई मांग की। साथ ही विभाग द्वारा पाइपलाइन को दुरूस्त कर पूर्वी कोटलखोर के 750 घरों में पेयजल आपूर्ति शुरू किया जाए। वहीं युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष फारोग अहसान ने मनमानी करने वाले संवेदक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आजसू बरहरवा प्रखंड कमेटी और कोटलपोखर पंचायत कमेटी उन वंचित 750 परिवार के साथ सड़क पर उतरकर धरना प्रदर्शन करेगी।