द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के भरनो प्रखंड अंतर्गत स्कूल चौक के पास भारी बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गंभीर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एनएच-23 के चौड़ीकरण निर्माण कार्य के चलते सड़क के किनारे की व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई है, जिससे पानी का बहाव बाधित हो रहा है।
स्कूल चौक निवासी अजय गुप्ता उर्फ अज्जू की किराना दुकान और उनके घर में बारिश का पानी घुस जाने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। अजय गुप्ता ने बताया कि उनका पूरा परिवार रातभर पानी निकालने में जुटा रहा और काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भरनो ब्लॉक चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे, शिव मंदिर के सामने वाली सड़क, स्कूल चौक से बालिका विद्यालय जाने वाली सड़क सहित कई स्थानों पर जल जमाव और कीचड़ की समस्या से आम लोग, विशेषकर स्कूली बच्चे और राहगीर, परेशान हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल से आने-जाने वाले छात्रों को खासा दिक्कत हो रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर शाही ने भी जल जमाव की स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ब्लॉक चौक से उनके घर की ओर जाने वाली सड़क पर जल जमाव के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। उन्होंने सड़क निर्माण कर रही कंपनी से जल्द समाधान की मांग की है।
इधर, जल जमाव और घरों में पानी घुसने की जानकारी मिलने पर आरकेडी कंपनी के सीजीएम लक्ष्मण शेट्टी ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया और अपनी टीम को स्कूल चौक भेजकर टैंकर और मशीनों के माध्यम से पानी निकालने का कार्य शुरू करवाया। साथ ही ब्लॉक चौक के पास जेसीबी मशीन से सड़क काटकर अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था की गई।
सीजीएम लक्ष्मण शेट्टी ने बताया कि वर्तमान में तात्कालिक समाधान के रूप में मशीनों और टैंकर की सहायता से जल निकासी की जा रही है। भविष्य में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था हेतु पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को जल जमाव की समस्या से राहत मिल सके।
