रांची:
दुनियाभर में एक बार फिर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। कोरोना के रोकथाम के लिए झारखंड सरकार ने भी अपनी कमर कस ली है। कोरोना के लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि ये हमारे संज्ञान में है और परिस्थिति को देखकर बहुत जल्द सभी को इससे अवगत कराएंगे।इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है। हमें बस जरूरी एहतियात बरतने की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी जिलों के डीसी को पत्र लिख टेस्टिंग,वैक्सीनेशन,सैंपलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। कोरोना के सभी पॉजिटिव केस के सैम्पल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए रिम्स में भेजे जाएंगे। ताकि कोरोना के वैरिएंट का पता लगाया जा सके।
ये हमारे संज्ञान में है और परिस्थिति को देखकर बहुत जल्द सभी को इससे अवगत कराएंगे: कोरोना की स्थिति पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रांची pic.twitter.com/rRsf3A52GO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 22, 2022
PM मोदी ने की उच्चस्तरीय बैठक
कोरोना एक बार फिर चीन में तबाही मचा रहा है। भारत में भी ओमिक्रोन के नए वैरिएंड बीएफ 7 के अब तक पांच मरीज मिल चुके हैं। चिंताजनक बात ये है कि इससे पिछले 24 घंटे में एक युवक की मौत भी हो गई है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक करीब 2 घंटे तक चली। इस मीटिंग में गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय के मंत्री-अधिकारी समेत नीति आयोग के CEO शामिल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग के बाद गाइडलाइंस भी जारी की जा सकती हैं।

मास्क लगाने की सिफारिश
नीति आयोग में डॉ वीके पॉल ने लोगों से भीड़भाड़ में मास्क लगाने की सिफारिश की है। ये गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और बुजुर्गों के लिए बेहद जरूरी है। अभी केवल 27% आबादी ने ही बूस्टर डोज ली है। यह खुराक लेना सभी के लिए कंपलसरी है। बता दें कि इस बैठक में स्वास्थ्य, आयुष, औषधि विभाग और जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक राजीव बहल, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल तथा टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) के अध्यक्ष एन एल अरोड़ा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।