द फॉलोअप डेस्क
सर्दी का महीना चल रहा है। लेकिन रांची सहित झारखंड के कई शहरों में गर्मी लग रही है। जनवरी महीने में गर्मी ने रांची में इस दशक के सबसे अधिकतम तापमान के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। इससे पहले वर्ष 2019 में यही तापमान दर्ज किया गया था। दरअसल 25 जनवरी को रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत ज्यादा दर्ज किया गया। यह जानकारी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र ने 26 जनवरी को दी। मौसम केंद्र के सहायक मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 25 जनवरी 2023 को रांची का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताते चलें कि जनवरी माह के लिए यह तीसरा सबसे अधिक तापमान है। वहीं, 26 जनवरी को रांची के अधिकतम तापमान में कमी आई। 28.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

वर्ष 1969 से 2023 तक का किया गया विश्लेषण
सर्वकालिक रिकॉर्ड अपडेट (वर्ष 1969 से 2023) के विश्लेषण के आधार पर यह जानकारी मौसम केंद्र की ओर से दी गई है। इसमें बताया गया कि रांची के लिए जनवरी माह में सबसे अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 33.0 डिग्री है। यह रिकॉर्ड 29 जनवरी 1996 को दर्ज किया गया था।

जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री रहा
रांची के अलावा जमशेदपुर में भी 25 जनवरी को खूब गर्मी रही। यहां का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के विश्लेषण में पाया गया कि यह तापमान जमशेदपुर में जनवरी महीने के लिए अब तक का दूसरा सबसे अधिकतम तापमान है। अब तक जमशेदपुर में जनवरी माह का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री 6 जनवरी 2021 एवं 7 जनवरी 2021 को दर्ज किया गया था। वहीं, 26 जनवरी को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया।

डालटेनगंज का पारा 32.9 डिग्री पहुंचा
डालटेनगंज में 25 जनवरी 2023 को जमशेदपुर की तरह अधिकतम तापमान 32.9 सेल्सियस रहा। मौसम केंद्र के विश्लेषण में इस जिले के लिए भी जनवरी में सबसे अधिकतम तापमान का दूसरा रिकॉर्ड बना। इससे पहले यहां जनवरी माह से सबसे अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री 22 जनवरी 2019 को दर्ज किया गया था। इधर, 26 जनवरी को यहां का अधिकतम तापमान 1 डिग्री से अधिक कम हुआ। आज कुल 31.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT