द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य में मेघ गर्जन, बारिश और वज्रपात की आशंका है। इसको लेकर मौसम केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के अनुसार 18 फरवरी से बादल छाया रहेगा। 22 फरवरी तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है।19 फरवरी को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बारिश हो सकती है। 20 फरवरी को दक्षिण तथा निकटवर्ती मध्य हिस्से में बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम केंद्र ने मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र की रिपोर्ट में बताया गया है कि 19 फरवरी को राज्य के 12 जिले और 20 फरवरी को राज्य के 10 जिले में बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है।

19 फरवरी को राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। वहीं 20 फरवरी को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी तथा रामगढ़ में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है।

रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 12 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर, बोकारो, चाईबासा और डालटेनगंज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे गर्म सरायकेला जिला रहा। वहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।