logo

6 मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज, रांची सहित इन जिलों में दो दिन वज्रपात के साथ होगी बारिश

28.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची सहित राज्य भर में दिन में गर्मी की तपिश अब लोगों को परेशान कर रही है। फरवरी में ही इस साल गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि, इस बीच राहत की खबर है कि रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 6 मार्च से मौसम का मिजाज बदल सकता है। आशिंक बादल छाए रहने के साथ दो दिनों तक लगातार बारिश की भी संभावना है। दरअसल 3 मार्च को मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार 4-5 मार्च को आसमान मुख्यत: साफ और मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन इसके बाद 6 मार्च से मौसम का मिजाज बदलेगा।

7-8 को होगी बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार 6 मार्च को राज्य के दक्षिण, पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे। मतलब इसका असर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा के साथ रांची में भी देखने को मिलेगा। शेष भागों में आसमान मुख्यीत: साफ व मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, मौसम के बदलाव से शब-ए-बरात और होली में खलल भी पड़ सकती है।

यह खबर भी पढ़ें : सांड का कहर, बीच सड़क पर 2 लोगों को पटककर उतारा मौत के घाट

वज्रपात की भी है आशंका
केंद्र के मुताबिक 7 और 8 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिम और निकटवर्ती मध्यक भागों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका जताई गई है। इसका असर रांची के अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा आदि जिलों में देखने को मिलेगा।

 

जमशेदपुर का रहा सबसे अधिकतम तापमान
मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सबसे कम 13.0 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा में दर्ज किया गया।