logo

लोहरदगा में जंगली हाथियों का कहर, 3 लोगों को पटककर उतारा मौत के घाट

elephant1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में हाथियों के आतंक से लोग दहशत में है। राज्य के कई जिलों में जंगली हाथियों का झुंड घूम रहा है। रविवार को लातेहार,लोहरदगा,जामताड़ा और रांची के कुछ इलाकों में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया है। लोहरदगा जिले में हाथियों ने फिर कहर बरसाया है। भंडरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घुस कर हाथियों ने जमकर आतंक मचाया। यहां हाथी ने तीन लोगों को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। मरने वालों में दो महिला और एक पुरूष शामिल हैं। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में काफी दहशत है। वहीं इलाके में हाथियों के बढ़ते आतंक को देखते हुए पुलिस प्रशासन और वन विभाग दोनों की टीम सक्रिय हो गई है।


24 घंटे के अंदर चार की मौत 
झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक अपने चरम पर है। ये जंगलों से भटककर आबादी वाले इलाकों में आकर खूब उत्पात मचाते हैं। लोहरदगा जिला में भी रविवार और सोमवार को ऐसा ही कुछ देखने को मिला। महज 24 घंटे के अंदर की जंगली हाथियों ने 4 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। रविवार शाम जिला के कुड़ू थाना क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने एक महिला को कुचल कर मार डाला। गजराज का आतंक सोमवार सुबह तक जारी रहा। भंडरा थाना क्षेत्र के एक गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने गांव में हमला बोला और तीन लोगों को पटक-पटककर मार डाला।


रांची और लातेहार में भी हाथी का आतंक
 बता दें कि रविवार के दिन रांची और लातेहार में भी जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। लातेहार में चंदवा थाना क्षेत्र के बोदा पंचायत के गरदाग गांव की जीपीयसक देवी पर सीधे हमला कर दिया और उसे अपनी सुंड़ में लपेटकर पटक दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के बाद महिला की मौत हो गयी। वहीं रांची में बेड़ो थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव में जंगली हाथी ने काफी उत्पात मचाया। हाथी ने ग्रामीण अनीता उरांव के कच्चे मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि महिला मौका रहते अपने बच्चों के साथ घर से बाहर सुरक्षित निकल आई।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT