द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित सूरत गुजराती समाज भवन में शनिवार रात हल्दी की खुशियां उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गई, जब समारोह में शामिल महिलाएं अचानक अपने-अपने बैग तलाशने लगीं और पता चला कि रुपयों से भरा एक बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो चुका है। हल्दी समारोह की खुशियों के बीच फैली इस अफरातफरी ने मेहमानों को चौंका दिया। कुछ ही देर में संदेह के आधार पर एक अंजान महिला को भीड़ पकड़ लिया और उसे बिष्टुपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
बागबेड़ा बड़ौदा घाट निवासी अरुण कुमार ने बताया कि यह घटना उनकी भतीजी के हल्दी समारोह के दौरान हुई, जिसमें सैकड़ों लोग मौजूद थे। उसी भीड़ का फायदा उठाकर संदिग्ध महिला कार्यक्रम में घुस आई। थोड़ी देर बाद जब महिला मेहमानों ने अपना बैग ढूंढा, तो एक बैग गायब मिला। मौजूद लोगों ने बताया कि जिस बैग की चोरी हुई, उस बैग के पास संदिग्ध महिला बार-बार घूम रही थी।
दूसरी ओर पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी महिला टूट गई और उसने चोरी की बात का कबूल कर ली। हालांकि उसके पास से नकदी वाला बैग बरामद नहीं हुआ। महिला ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि यह काम उसने अकेले नहीं किया, बल्कि उसके साथ एक और महिला समारोह में शामिल थी। चोरी का बैग उसने अपने साथी को थमा दिया था, जो वारदात के तुरंत बाद मौके से भाग गई।
पूछताछ के बाद पुलिस फरार महिला की तलाश में जुट गई है और समारोह स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह संगठित महिला चोर गिरोह हो सकता है, जो शहर के बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाले पारिवारिक कार्यक्रमों को निशाना बनाता है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आयोजन में अपने कीमती सामान और बैग को खुला छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रखें और किसी भी संदिग्ध हरकत पर तुरंत सूचना दें।
