logo

उत्पाद सिपाही : दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के वर्षों का इंतजार खत्म, 22 मार्च को होगी लिखित परीक्षा

jssc28.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बहुचर्चित, विवादित और लंबित उत्पाद सिपाही की लिखित परीक्षा का इंतजार खत्म हो गया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने उत्पाद सिपाही की लिखित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। 22 मार्च को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर इसकी परीक्षा आयोजित की जाएगी। मालूम हो कि इस प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर लगभग एक लाख 40 हजार अभ्यर्थी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ये अभ्यर्थी शारीरिक प्रतियोगिता परीक्षा में सफल हो चुके हैं। लेकिन लिखित परीक्षा नहीं होने से ये मानसिक रूप से परेशान थे।

मालूम हो कि उत्पाद सिपाही के पद पर नियुक्ति के लिए जेएसएससी ने सबसे पहले 2019 में विज्ञापन निकाला। लेकिन बाद में इस विज्ञापन को कतिपय त्रुटियों के कारण रद्द कर दिया गया। फिर जेएसएससी ने जुलाई 2023 में नये सिरे से फॉर्म भरवाया। फॉर्म भरनेवाले लगभग साढ़े पांच लाख अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए। सितंबर 2024 में आयोजित शारीरिक परीक्षा और दौड़ आयोजित की गयी। दौड़ में लगभग 20 युवकों की जान चली गयी। इसके लगभग 13 महीने बाद नवंबर 2025 में शारीरिक परीक्षा का रिजल्ट प्रकाशित किया गया। इसमें 1.40 लाख युवक सफल हुए। अब ये लिखित परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें से विज्ञापित कुल 582 पदों पर झारखंड के युवाओं की अंतिम रूप से नियुक्ति होगी। उम्मीद की जानी चाहिए कि जेएसएससी निर्धारित तिथि पर लिखित परीक्षा लेकर जल्द से जल्द अंतिम परीक्षाफल का प्रकाशन कर देगा।

Tags - Jharkhand Excise Constable JSSC written exam March 22