द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के मौसम के बारे में ताजा जानकारी सामने आई है। दरअसल, पश्चिमी दिशा से गर्म हवाएं आ रही हैं, जिसके कारण मध्य मार्च में ही झारखंड में लू चलने की संभावना जताई गई है। इस बारे में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज कोल्हान क्षेत्र में अधिकतम तापमान में भारी बढ़ोतरी हो सकती है और लू चलने की आशंका है। वहीं, 15 और 16 मार्च को कोल्हान के साथ-साथ पलामू और गढ़वा सहित आसपास के इलाकों में भी लू चल सकती है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. मौसम विभाग ने कोल्हान सहित पलामू और गढ़वा आदि इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। 12 मार्च को झारखंड में सबसे अधिक तापमान पलामू में रिकॉर्ड किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा व पिछले 24 घंटे में 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज की गयी। इस बीच राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। जबकि बुधवार को सबसे कम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा का रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार होली के दिन धूप की तपिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
गर्मी से बचने के लिए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दिन के 12 से तीन बजे तक धूप में बाहर जाने से बचने के लिए कहा गया है। लोगों को शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने, धूप से बचने, बहुत जरूरी हो, तो छाता लेकर चलने, सूती कपड़े पहनने, शराब, कॉफी कर्बोनेटेड शीतल पेय पीने से बचने, उच्च प्रोटीनवाले भोजन करने से बचने, किसानों को खेतों में सभी उपाय कर जाने, फसलों में नियमित सिंचाई करने, पशुओं को भी धूप से बचाने की सलाह दी गयी है।