द फॉलोअप डेस्क
छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डाली में अवैध हथियार के साथ खुलेआम घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 जून 2025 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना के अनुसार युवक हथियार लहराकर गांव में लोगों को डरा रहा था और उसका इरादा सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी फोटो वायरल करने का था।
इस गंभीर सूचना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने ग्राम डाली से तौफीक अंसारी (उम्र 20 वर्ष), पिता – गुलाम गौस, ग्राम – डाली, थाना – छतरपुर, जिला – पलामू को एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में छतरपुर थाना कांड संख्या 94/25, दिनांक 03.06.2025, अंतर्गत धारा 25 (1-b)a / 26, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
गिरफ्तार युवक तौफीक अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार ₹5000 में एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। उसने स्वीकार किया कि उसे अवैध हथियार रखने का शौक था और वह अपने क्षेत्र में धौंस जमाने तथा पहचान बनाने के उद्देश्य से हथियार के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करना चाहता था। इसी उद्देश्य से वह गांव में हथियार लहराकर लोगों को दिखा रहा था।
बरामद सामान
1. एक देसी कट्टा
2. एक जिंदा गोली
3. एक मोबाइल फोन
छापामारी दल
1. पु.अ.नि प्रशांत प्रसाद – थाना प्रभारी, छतरपुर
2. पु.अ.नि राहुल कुमार – छतरपुर थाना
3. पु.अ.नि सुशील उरांव – छतरपुर थाना
4. स.अ.नि राजीव कुमार – अनुसंधानकर्ता
5. सशस्त्र बल – छतरपुर थाना, पलामू
पलामू पुलिस आम जनता से अपील करती है कि समाज में भय फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।