द फॉलोअप डेस्क
चक्रधरपुर रेल मंडल के हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर गोइलकेरा स्टेशन के आउटर के समीप मंगलवार रात हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा निवासी सुखराम सांडिल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे सुखराम रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सुखराम रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। इधर, स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से गोइलकेरा स्टेशन के आउटर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
