द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर भाजपा के बड़े नेताओं की कर्मभूमि है। उनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, कमोबेश पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शामिल हैं। जमशेदपुर झारखंड की आर्थिक राजधानी भी कही जाती है। इस कारण जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के मेयर पद के चुनाव पर पूरे प्रदेश की नजर है। पूरा प्रदेश यहां बन रहे दिलचस्प मुकाबले पर पैनी नजर रख रहा है। उस लिहाज से मानगो के मेयर पद का चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंचता जा रहा है। मानगो नगर निगम के मेयर पद पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने सुधा गुप्ता का समर्थन करने का एलान किया है। लेकिन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान भी चुनाव मैदान में डटी हुई है। इससे मुसलिम बहुल इलाकों में सुधा गुप्ता की स्थिति कमजोर पड़ने की आशंका जतायी जाने ली है। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब जेबा खान ने नामांकन वापस नहीं लिया तो कांग्रेस को उन्हें निलंबित करने का कड़ा फैसला लेना पड़ा है।
.jpeg)
वैसे सुधा गुप्ता को जेबा कादरी से भी गंभीर खतरा बताया जा रहा है। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में अल्पसंख्यक मुसलिम मतदताओं की अच्छी खासी संख्या है। इस क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूती का आधार अल्पसंख्यक वोट को ही माना जाता है। लेकिन जेबा खान के बाद जेबा कादरी भी मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रही है। जेबा कादरी का गल्फ कंट्री में रहनेवाले मुसलिम समुदाय के लोगों का अच्छा खासा समर्थन बताया जाता है। वह मुसलिम बच्चियों को कुरान की शिक्षा के लिए मदरसा भी चलाती है। इस तरह जेबा खान और जेबा कादरी, सुधा गुप्ता का ब्लड प्रेशर बढ़ा रही है। जेबा कादरी को अब तक झामुमो का समर्थन नहीं मिला है। लेकिन वह प्रचार के क्रम में इस बात को बार बार दुहरा रही है कि मेयर बनने का मौका मिला तो वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तरह काम करके वह भी मानगो के विकास गति देगी। नागरिक समस्याओं को दूर कराएंगी।

भाजपा प्रत्याशी संध्या सिंह को कुमकुम दे रही टेंशन
भाजपा ने यहां व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह का समर्थन किया है। नीरज सिंह क्षेत्र में प्रभावशाली नेता के रूप में जाने भी जाते हैं। लेकिन पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव बागी बन चुनाव लड़ रही है। कुमकुम श्रीवास्तव के कारण संध्या सिंह का टेंशन थोड़ा बढ़ता हुआ बताया जा रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र की चर्चित महिला चिकित्सक डॉ विनिता सिंह के खड़े होने से भी भाजपा प्रत्याशी का ब्लड प्रेशर बढ़ रहा है। अंतर सिर्फ इतना है कि ब्लड प्रेशर बढ़ने से राजनीतिक हार्ट अटैक के खतरेवाली स्थिति नहीं है।
